मेरा बिल योजना एक साल के लिए बढ़ी, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी मंंजूरी, 2.30 करोड़ रुपए के बांटे इनाम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां घोषणा की कि भगवंत सिंह मान सरकार ने राज्य की प्रमुख योजना बिल लाओ इनाम पाओ, मेरा बिल योजना को एक और वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक 9.40 करोड़ रुपए के जुर्माने की मांग की गई है। इसमें से 7.31 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। इसके अलावा 135 नए डीलरों को पंजीकृत किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान निकाले गए 4058 ड्रा में से सत्यापन के बाद 3548 भाग्यशाली ड्रा विजेताओं को 2.30 करोड़ रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना ने नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने और लोगों को प्रोत्साहित करनेए दोनों ही स्तरों पर उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं। इस पहल की सफलता पर प्रकाश डालते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस योजना के माध्यम से बिलों का प्रभावी सत्यापन सुनिश्चित हुआ है और पूरे राज्य में कर नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगा है।

उन्होंने कहा कि निरंतर निगरानी और कानूनी कार्रवाई के माध्यम से कर विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वालों की पहचान की। इसके परिणामस्वरूप 9.40 करोड़ रुपए के जुर्माने लगाए गए और सरकारी खजाने में 7.31 करोड़ रुपए जमा करवाए गए। इसके साथ ही 135 नए डीलरों को पंजीकृत कर करदाताओं का दायरा भी बढ़ाया गया है। उन्होंने मेरा बिल योजना के लकी ड्रा के तहत उपभोक्ताओं को दिए गए पुरस्कारों के आंकड़े साझा करते हुए आम लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान निकाले गए 4058 ड्रा में सत्यापन के बाद कुल 3548 विजेता सामने आए, जिन्हें कुल 23038070 रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। अकेले वित्तीय वर्ष 2025-26 में 3080 सत्यापित विजेताओं को 19815980 रुपए दिए गए। जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान निकाले गए ड्रा के तहत भाग्यशाली प्रतिभागियों को अतिरिक्त 3222090 रुपए वितरित किए जा चुके हैं।