दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
अमरीकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें इसलिए अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि पुरी लगातार कहते रहे हैं कि वह एपस्टीन से केवल प्रतिनिधिमंडल के साथ मिले, अलग से कभी मुलाकात नहीं हुई। तस्वीरें सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जब पुरी ने कहा था कि वह एपस्टीन से कभी अकेले नहीं मिले, तो इन तस्वीरों के क्या मायने हैं। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि पुरी कहते थे कि वह एपस्टीन से तीन-चार बार सिर्फ डेलिगेशन के साथ मिले थे, इन तस्वीरों में बाकी सदस्य कहां थे। बता दें कि दोनों की इन तस्वीरों को जस्टिस डिपार्टमेंट की तरफ जारी जारी दस्तावेजों के नौवें सेट में रखा गया था।
इस सेट में कम से कम 11 तस्वीरें हैं। इन तस्वीरों में दोनों लगभग एक ही स्थिति में बैठे दिखाई देते हैं। तस्वीरों के कोण में मामूली अंतर है। इस साल फरवरी में हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में राहुल गांधी की ओर से एपस्टीन फाइलों को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया था। पुरी ने बताया था कि वह संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत का पद छोडऩे के बाद और 2017 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले एपस्टीन से मिले थे। उन्होंने इन मुलाकातों को पूरी तरह पेशेवर बताया था और कहा था कि उनका एपस्टीन के खिलाफ लगे आपराधिक आरोपों से कोई संबंध नहीं था।