ऊना-बिलासपुर-हमीरपुर-कांगड़ा-कुल्लू-मंडी-सिरमौर-शिमला में बरसेंगे बादल
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद अब नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो गया है। ऐसे में राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव रहन की पूरी संभावनाएं बन गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सात से नौ अक्तूबर तक तीन दिनों के लिए राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 12 अक्तूबर तक राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना है। सात अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों में यलो अलर्ट है। आठ अक्तूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। नौ अक्तूबर को बिलासपुर, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 10, 11 और 12 अक्तूबर को भी राज्य में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है।
लोगों से अपील, खराब मौसम में यात्रा से बचें
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। आंधी, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।