आस्था के दर पर गंदगी का अंबार, बंदरों का जमावड़ा

स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
कस्बे के ज्वाला माता मंदिर के मुख्य द्वार के सामने कूड़े-कचरे के ढेर जमा होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। धार्मिक आस्था के इस पवित्र स्थल के प्रवेश द्वार पर फैली गंदगी से जहां मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है, वहीं खुले में पड़े कूड़े के कारण बंदरों का जमावड़ा भी बढ़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि मंदिर के सामने से गुजरने वाला रास्ता केवल श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के घरों के लोगों, बनीखेत पब्लिक स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और कंडा व पुखरी की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन छोटे-छोटे स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में खुले में बिखरा कूड़ा और उसके आसपास मंडराते बंदर बच्चों तथा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माने की चेतावनी देते हुए पहले भी कई बार साइन बोर्ड लगाए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर यहां कूड़ा फेंक रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने पर जुर्माने का प्रावधान होने के बावजूद उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। अरुण भारद्वाज, नागिन शर्मा, विक्रम ठाकुर, अनिल कुमार, अजय कुमार, राकेश कुमार और अनीता जसवाल ने नगर पंचायत एवं प्रशासन से मांग की है कि मंदिर के मुख्य द्वार के सामने जमा कूड़े को जल्द हटाया जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ जुर्माना लगाने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मकान मालिकों से भी अपील की है कि वे अपने किरायेदारों को खुले में कूड़ा न फेंकने के निर्देश दें। उधर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत बनीखेत के कनिष्ठ अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि मंदिर के सामने फैली गंदगी को हटाकर लोगों को परेशानी से निजात दिलाई जा सके।