इको टूरिज्म साइट के टेंडर की तैयारी में वन विभाग, छठे चरण में इन साइटों की बदलेगी किस्मत

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

राज्य में इको टूरिज्म साइट के छठे चरण की टेंडर की तैयारी में है। इसके लिए विभाग द्वारा चिन्हित साइट की सूची तैयार करने में जुट गया है। जिसमें नाहन की दो नई साइट को भी विभाग शामिल करने जा रहा है। हालांकि नई साइट के टेंडर से जुड़ी औपचारिकताओं से पहले विभाग एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजेगा। तमाम औपचरिकताओं को पूरा करने के बाद विभाग अगले माह इनका टेंडर करने की तैयारी में जुट गया है। जानकारी के अनुसार वन विभाग राज्य के विभिन्न वन मंडलों में चिन्हित 49 इको टूरिज्म साइट के आवंटन के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ की थी। इस दौरान केवल नौ साइट के लिए 17 बोलीदाता सामने आए थे। जिसके बाद वन विभाग ने मामले को कैबिनेट मंजूरी के लिए भेजा था। लिहाजा मंत्रिमंडल और राज्य स्तरीय इको टूरिज्म सोसायटी की कार्यकारी समिति ने भी इस पर अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। लिहाजा अब नौ साइट को विकसित करने के अलावा संचालन और प्रबंधन के लिए देने हेतु अवॉर्ड लैटर जारी करेगा। उधर, वन विभाग ने शेष रही 40 साइट समेत और चिन्हित नई साइट का आबंटन छठे चरण में करने जा रहा है। पता चला है कि अब विभाग नए सिरे से आवंटित की जाने वाली साइट की सूची तैयार करेगा।

जिसमें उन साइट को शामिल नहीं किया जाएगा। जिन्हें दो से तीन बार टेंडर प्रक्रिया में शामिल किया जा चुका है, लेकिन किसी भी बोलीदाता ने इनके लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई है। बताया जा रहा है कि नाहन वनमंडल के तहत दो नई साइट चिन्हित की गई है। जिसे छठे चरण की टेंडर प्रक्रिया में विभाग शामिल कर सकता है। लेकिन इससे पहले वह इससे जुड़ा प्रस्ताव राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेजेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यस्था को बढ़ावा देने और अनछुए पर्यटक स्थलों तक पर्यटकों को पहुंचाने के लिए राज्य में इको टूरिज्म साइट विकसित की जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में अभी तक 17 साइट आवंटित कर चुकी है और आगामी दिनों में नौ और का भी आवंटन हो जाएगा। सरकार इको टूरिज्म गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी भी सुनश्चित कर रही है, ताकि ग्रामीणों को घरद्वार रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो सकें।


—अजय