चुवाड़ी स्कूल में एनएसएस शिविर का शुभारंभ

स्टाफ रिपोर्टर-चुवाड़ी
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चुवाड़ी में बुधवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष देशराज ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यातिथि देशराज ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करें और अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें। उन्होंने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवी स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने और उनमें सेवा भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा कुमारी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।