सलूणी कॉलेज में बिरसा मुंडा के जीवन और उलगुलान आंदोलन पर व्याख्यान
निजी संवाददाता-सलूणी
राजकीय महाविद्यालय सलूणी में जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को अंग्रेजी विभाग की ओर से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय गौरव पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। व्याख्यान के मुख्य वक्ता इतिहास विभाग के सहायक प्रवक्ता डॉ. सौरभ मिश्रा रहे। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उलगुलान आंदोलन, गुमनाम जनजातीय नायकों के बलिदान और सबाल्टर्न इतिहास लेखन परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक नायक नहीं, बल्कि जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की चेतना के प्रतीक हैं।
उलगुलान आंदोलन ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रवक्ता गुरदेव सिंह ने जनजातीय पवित्रता, संस्कृति और हिमाचल प्रदेश की जनजातीय परंपराओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनजातीय संस्कृति में प्रकृति पूजा, सामूहिक जीवन और पर्यावरण संरक्षण की गहरी परंपरा रही है, जिसे सहेजना युवा पीढ़ी का दायित्व है। कार्यक्रम की संयोजक अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रवक्ता डॉ. जयश्री रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।