एडीएम विकास शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, पंचायत प्रतिनिधियों को नियमित निगरानी के निर्देश
नगर संवाददाता-भरमौर
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को खंड विकास अधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं पंचायत सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान विशेष रूप से विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के साथ-साथ अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत स्वीकृत सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के निष्पादन के दौरान निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि निर्मित परिसंपत्तियां टिकाऊ हों और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके। उन्होंने विद्यालय परिसरों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं विद्यालय की नियमित गतिविधियां प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखें और प्रत्येक कार्य को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करवाना सुनिश्चित करें।