साइबर अपराध और नशे पर जागरूक किए छात्र

होली के एकलव्य विद्यालय में 200 छात्रों को पढ़ाया कानून का पाठ

निजी संवाददाता-होली
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चंबा की ओर से हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एचपीएसएलएसए) के निर्देशानुसार बुधवार को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय होली में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कुल 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एकांश कपिल ने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरणों की भूमिका एवं कार्यप्रणाली तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया। इस दौरान साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशाखोरी एवं स्वापक औषधि संबंधी कानूनों, सडक़ सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह की रोकथाम, ऑनलाइन सुरक्षा और रैगिंग विरोधी कानूनों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।