प्रदेश के स्कूलों में दस मामले पॉक्सो, यौन उत्पीडऩ और बैड टच जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े
कार्यालय संवाददाता-शिमला
जिन स्कूलों और कॉलेजों को बेटियों के सुरक्षित भविष्य की नींव माना जाता है, उन्हीं शिक्षण संस्थानों में उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते तीन वर्षों के दौरान शिक्षकों के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ की 24 शिकायतें सामने आई हैं। इनमें दस मामले पॉक्सो एक्ट, यौन उत्पीडऩ और अनुचित स्पर्श जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े हैं। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि शिमला और सिरमौर जिला पांच-पांच शिकायतों के साथ सबसे आगे हैं, जबकि मंडी में चार मामले सामने आए हैं।
चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू और सोलन में दो-दो शिकायतें दर्ज हुई हैं। शिकायतों की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि कई मामलों में शिक्षकों के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी, जबकि कुछ को निलंबित किया गया और कुछ को नौकरी से बर्खास्त तक किया गया। शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2019 से 2026 के बीच पॉक्सो एक्ट से जुड़े सात मामलों में अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की गई।
छह जिलों में मामलों की जांच
हमीरपुर में एक तत्कालीन प्रधानाचार्य पर नाबालिग छात्रा को मोबाइल फोन देने, तीन हजार रुपए भेजने और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप लगे।
शिमला में जमा एक की छात्रा से कथित अनुचित व्यवहार के आरोप में अंग्रेजी प्रवक्ता को निलंबित किया गया।
कांगड़ा में जमा दो की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में हिंदी प्रवक्ता के खिलाफ पुलिस और विभागीय जांच चल रही है।
सिरमौर में नौवीं कक्षा की छात्रा से कथित दुव्र्यवहार के मामले टीजीटी नॉन मेडिकल शिक्षक को निलंबित किया गया।
सोलन में कई नाबालिग छात्राओं से अनुचित व्यवहार के आरोप में एक डीपीई को वर्ष 2022 में निलंबित किया गया था।
शिमला के सुन्नी के एक अध्यापक को छह साल सजा
शिमला जिला के सुन्नी में छात्रा के यौन उत्पीडऩ के दोषी शिक्षक को अदालत ने छह साल के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई। धर्मशाला सरकारी डिग्री कॉलेज में 19 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। रैगिंग और यौन उत्पीडऩ से परेशान होने के आरोपों के बीच इस मामले में एक प्रोफेसर और तीन छात्राओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई।