अस्पताल में जल्द भरा जाएगा स्टाफ, नशे के दलदल में फंसे युवाओं का होगा इलाज
स्टाफ रिपोर्टर-धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती देने के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में 40 बिस्तरों की क्षमता वाला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र शुरू होगा। इस केंद्र को शुरू करने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं दिलचस्पी ले रहे हैं। सरकार का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को बेहतर चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक परामर्श और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें नशे के दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। केंद्र को शुरू करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। अब इसके संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ की भर्ती की जानी है। इस संबंध में सरकार के साथ बातचीत की गई है। स्टाफ की व्यवस्था होते ही केंद्र को जल्द शुरू कर दिया जाएगा। संस्थान की ओर से केंद्र को संचालित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मशोबरा में प्रदेश के पहले सरकारी महिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र नवजीवन का शुभारंभ करते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज में दूसरा सरकारी नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं और महिलाओं को अपराधी के बजाय उपचार एवं पुनर्वास के जरूरतमंद लोगों के रूप में देखने की बात कही थी। टांडा में यह केंद्र शुरू होने से कांगड़ा सहित आसपास के जिलों के नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। जागरूकता अभियान के तहत एंटी चिट्टा मैरॉथन राज्य भर में आयोजित करने के साथ ही अब खेलों हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल के तहत भी 22 करोड़ से छह खेलों को छह माह तक प्रदेश में आयोजन किए जाने का श्रीगणेश धर्मशाला में 20 नवंबर को किया जाएगा।