व्यासधेनू के दूध से लेकर पनीर तक के बढ़े दाम, जानें अब कितनी ढीली करनी होगी जेब

पशुओं का चारा और फीड महंगा होने पर लिया फैसला

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर

फेस्टिवल सीजन खत्म होने के साथ ही कामधेनू हितकारी मंच ने दूध, दही, पनीर और घी के दाम बढ़ाए हैं। मंच की ओर से पहले से ही मिठाइयों के दाम में इजाफा किया जा चुका है। लेकिन अब दूध, दही, पनीर, घी भी महंगे दामों पर ही मिलेगा। फेस्टिवल सीजन के दौरान यह उत्पाद उपभोक्ताओं को सस्ते दाम पर मुहैया करवाए गए, लेकिन अचानक ही यह उत्पाद महंगे कर दिए हैं। अब कामधेनू हितकारी मंच द्वारा तैयार किए जा रहे दूध, दही, पनीर व घी उपभोक्ताओं को पहले से अधिक महंगे दाम पर मिलेंगे। दूध, दही, पनीर व घी के उत्पाद तैयार करने वाली कई नामी कंपनियों की ओर से इससे पहले भी इन उत्पादों को महंगा कर दिया गया था, लेकिन अब कामधेनू हितकारी मंच की ओर से भी पनीर, घी, दूध व दही के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि इन उत्पादों के दाम बढऩे का कारण पशुओं के उपयोग में लाए जाने वाले उत्पाद माने जा रहे हैं।


कामधेनू हितकारी मंच के साथ करीब 7000 किसान परिवार जुड़े हुए हैं। इन परिवारों को तूड़ी, फीड सहित अन्य उत्पाद भी मंच की ओर से मुहैया करवाए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर होने वाली तूड़ी की मात्रा बेहद कम होती है, जिसके चलते मंच की ओर से पंजाब राज्य से तूड़ी की खरीद की जाती है। मंच की मानें तो तूड़ी पहले जो करीब एक हजार रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से मिलती थी, वह अब 1400 से 1500 रुपए प्रति क्विटंल के हिसाब से मिल रही है। यही नहीं पशुओं को चारे के तौर पर दी जाने वाली फीड सहित अन्य उत्पाद भी महंगे हुए हैं। कामधेनू हितकारी मंच के महासचिव जीतराम कौंडल ने बताया कि कामधेनू हितकारी मंच की ओर से दूध, दही, पनीर व घी के दाम बढ़ाए गए हैं। इसके पीछे कारण पशुओं के लिए उपयोग में लाए जाने वाली तूड़ी, फीड सहित अन्य उत्पादों का महंगा होना है। मंच के साथ करीब सात हजार परिवार जुड़े हुए हैं।

अब ये रहेंगे उत्पादों के दाम

व्यासधून दूध अब उपभोक्ताओं को 70 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा। पहले यह दाम 66 रुपए निर्धारित थे। इसके अलावा पनीर के दाम पहले 350 रुपए प्रति किलोग्राम थे, अब यह दाम 400 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए हैं। घी के दाम पहले 830 रुपए से बढ़ाकर 930 कर दिए हैं। दही के दाम पर चार रुपए से लेकर पांच रुपए तक बढ़ाए गए हैं। अब उपभोक्ताओं को नए दाम के मुताबिक ही यह उत्पाद मिलेंगे।