चलती बाइक पर मौत बनकर आई गोली, न आवाज सुनाई दी, न किसी को हुआ शक, 8 घंटे बाद हेलमेट ने खोला राज

सूरत पुंडीर, नाहन

नाहन: सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल में एक रहस्यमयी गोलीकांड का मामला सामने आया है। इस घटना में चलती बाइक पर पीछे बैठे एक व्यक्ति खजान सिंह (55) निवासी जामु कोटी (रेणुका जी) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा रविंद्र बाल-बाल बच गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के करीब आठ घंटे तक किसी को गोली चलने और खजान सिंह को गोली लगने का अंदेशा तक नहीं हुआ। पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब शाम करीब चार बजे रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा और उसमें गोली का निशान पाया। जांच करने पर हेलमेट के भीतर से गोली भी निकली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पहले खजान सिंह को सिर से भेदते हुए निकली और फिर रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई और मामले ने नया मोड़ ले लिया।

जानकारी के मुताबिक रविंद्र (31) और खजान सिंह शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत के एक गांव से मेहमाननवाजी के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठा खजान सिंह अचानक अचेत हो गया है। कुछ ही देर में वह बाइक से नीचे गिर पड़ा। उस समय रविंद्र को न तो गोली चलने की आवाज का कोई अंदेशा हुआ और न ही यह पता चल पाया कि खजान सिंह को गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि मृतक खजान सिंह व रविंद्र चचेरे भाई हैं।


शुरुआत में परिजनों और साथ आए लोगों ने चोट लगने की वजह पत्थर लगना समझा। दूसरी ओर रविंद्र भी पांवटा साहिब से अपने गांव जामुकोटी के नजदीक लौट गया। शाम को हेलमेट पर गोली का निशान मिलने और उसके भीतर से गोली निकलने के बाद सुबह की घटना को लेकर संदेह गहरा गया। सूचना मिलने पर नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शाम करीब सवा छह बजे रविंद्र के बयान दर्ज किए गए। घायल अवस्था में खजान सिंह को पांवटा से चंडीगढ़ पीजीआई रैफर किया गया था, लेकिन उन्होंने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया। घटना आवत गांव के आसपास हुई बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खजान सिंह की मौत के वास्तविक कारण और गोली लगने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शिलाई पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चलती बाइक पर खजान सिंह को गोली किसने मारी और गोली कहां से चली? क्या यह किसी अज्ञात शिकारी की चलाई गोली थी, कोई आपसी रंजिश थी या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? सुबह सात बजे हुई घटना का राज शाम चार बजे एक हेलमेट ने खोला, लेकिन गोली चलने की वजह और हमलावर का पता लगना बाकी है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी गोलीकांड की परतें खोल सकती हैं।