स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
साइबर ठग लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब कूरियर डिलीवरी के नाम पर लोगों को फोन कर ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश की जा रही है। ठग खुद को ब्लूडार्ट या किसी अन्य कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों से कहते हैं कि डिलीवरी बॉय उनकी लोकेशन तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके बाद व्हाट्सऐप पर एक मोबाइल नंबर भेजकर उस नंबर पर कॉल करने के लिए कहा जाता है। ऐसे मामलों में लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है। साइबर ठग सबसे पहले किसी अनजान नंबर से व्यक्ति को फोन करते हैं। फोन करने वाला खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताता है और कहता है कि आपके नाम से सामान आया है, लेकिन डिलीवरी करने वाला कर्मचारी आपकी लोकेशन तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके बाद ठग ग्राहक से कहते हैं कि वे व्हाट्सऐप पर एक नंबर भेज रहे हैं और उस नंबर पर कॉल करने से सीधे डिलीवरी बॉय से बात हो जाएगी। सामान्य बातचीत और कूरियर का नाम लेकर ठग लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं।
इस तरह की ठगी में ठग पीडि़त से कुछ खास नंबर या मोबाइल कोड डायल करवाने की कोशिश कर सकते हैं। मोबाइल में कुछ स्स्ष्ठ/रूरूढ्ढ कोड कॉल फॉरवर्डिंग जैसी सुविधाओं को चालू या बंद करने के लिए इस्तेमाल होते हैं। यदि कोई व्यक्ति अनजान व्यक्ति के कहने पर ऐसा कोड डायल कर देता है तो उसके मोबाइल की कॉल किसी दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने का खतरा हो सकता है। इसी कारण किसी अनजान व्यक्ति द्वारा बताए गए नंबर या कोड को बिना जांचे डायल करना नुकसानदायक हो सकता है। साइबर ठग केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं रहते। कॉल के बाद वे लोगों से ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, यूपीआई पिन, एटीएम या कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी मांग सकते हैं। कई मामलों में ठग लोगों को कोई ऐप डाउनलोड करने या मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने के लिए भी कह सकते हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी तरह की जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि केवल किसी एक कोड या नंबर को डायल करने से यह जरूरी नहीं है कि व्हाट्सऐप, बैंक खाता या सभी मैसेज सीधे हैक हो जाएं। हालांकि कॉल फॉरवर्डिंग जैसी सुविधा का गलत इस्तेमाल ठग कर सकते हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के निर्देश पर कोई संदिग्ध नंबर या कोड डायल करना पूरी तरह से टालना चाहिए। अगर किसी व्यक्ति को कूरियर डिलीवरी के नाम पर फोन आता है तो सबसे पहले संबंधित कूरियर कंपनी के आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या ग्राहक सेवा के माध्यम से जानकारी की पुष्टि करनी चाहिए। अनजान व्यक्ति द्वारा व्हाट्सऐप पर भेजे गए नंबर पर वापस कॉल करने से बचना चाहिए। कूरियर से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यम का इस्तेमाल करना सुरक्षित है।
अगर कोई व्यक्ति खुद को कूरियर कर्मचारी बताकर किसी खास नंबर या कोड को डायल करने के लिए कहता है तो तुरंत फोन काट दें। इसके बाद उस नंबर को ब्लॉक किया जा सकता है। किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक डिटेल, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं देनी चाहिए। साथ ही किसी के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग वाला ऐप भी इंस्टॉल नहीं करना चाहिए।
ठगी होने पर तुरंत बैंक और पुलिस को दें सूचना
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है या बैंक खाते से संदिग्ध लेनदेन दिखाई देता है तो बिना देरी किए अपने बैंक को इसकी जानकारी देनी चाहिए। इसके साथ ही पुलिस या साइबर अपराध से संबंधित व्यवस्था में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने या आगे होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
साइबर ठगी से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि किसी अनजान व्यक्ति पर फोन के माध्यम से भरोसा न किया जाए। कूरियर, बैंक, ऑनलाइन शॉपिंग या किसी अन्य सेवा के नाम पर यदि कोई व्यक्ति जल्दबाजी में कोई नंबर डायल करने, लिंक खोलने, ऐप डाउनलोड करने या गोपनीय जानकारी देने के लिए कहता है तो पहले उसकी पूरी तरह पुष्टि करें। छोटी सी सावधानी बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। सावधान रहें, सतर्क रहें और ऐसे संदिग्ध संदेश व फोन कॉल को दूसरों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर ठगी के इस नए तरीके से बच सकें।
—अमन वर्मा