देश में बनेगा छठी पीढ़ी का फाइटर जेट, अमरीकी F35 से भी होगा एडवांस, कब भरेगा उड़ान, जानें

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

दुनिया भर में जारी तनाव और पड़ोसी देशों से अकसर मिलने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भारत में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट बनाने की तैयारी चल रही है। इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव है। डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर इसे तैयार कर रही है। कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने नेशनल सिक्योरिटी सम्मिट में वायुसेना के अधिकारियों की मौजूदगी में भारत को छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान देने का ऐलान किया। कंपनी के एक सूत्र के मुताबिक, यह विमान छठी पीढ़ी के सभी मानकों पर खरा उतरता है। कई मामलों में इसके पैरामीटर्स अमरीका के एफ-35 लड़ाकू विमान से भी आगे हैं। दरअसल, फाइटर जेट को उनकी तकनीक और लडऩे की क्षमता के आधार पर अलग-अलग पीढिय़ों में बांटा जाता है।

अभी भारत पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर जेट एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट बना रहा है। ऐसे में एक प्राइवेट कंपनी का छठी पीढ़ी का फाइटर जेट बनाने का दावा चर्चा में है। बता दें कि रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एएमसीए के विकास के लिए तीन औद्योगिक गठबंधनों में से एक का चयन इसी महीने करेगा। इनमें एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डिवेलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर परियोजना पर काम करेगा।


12 देशों के इंजीनियर मिलकर कर रहे काम

डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर ने बताया कि इस फाइटर जेट को बनाते समय वायुसेना की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। कंपनी के अनुसार उसके साथ 12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े हैं। दावा है कि उसने दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट दायर किए हैं। एयरक्राफ्ट डिजाइन और निर्माण के लिए 10 करोड़ डालर का फंड जुटाया है। ड्रोन में विशेषज्ञता के साथ कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में सात लाख वर्ग फुट में अपनी फेसिलिटी भी तैयार की है।