टूटेगी अभिषेक-हेड की तूफानी जोड़ी! IPL 2027 से हटे ट्रैविस हेड, SRH को 14 करोड़ का फायदा

हैदराबाद। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मशहूर सलामी जोड़ी ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 में साथ नजर नहीं आएगी। ट्रेविस हेड ने एसआरएच को बताया है कि उन्होंने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान अपना वर्कलोड कम करने के लिए अगले सीजन से हटने का फैसला किया है। हेड के हटने से एसआरएच की बल्लेबाजी को बड़ा झटका लगेगा, लेकिन इससे 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी के लिए उनके पास काफी पैसा भी आ जाएगा। 2025 की बड़ी नीलामी से पहले फ़्रैंचाइजी ने जिन पांच कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन किया था, उनमें हेड भी शामिल थे। उन्हें 14 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया था।

आईपीएल से उनकी रिलीज को मंजूरी मिलते ही एसआरएच की नीलामी राशि में इतनी रकम जुड़ जाएगी। अगर कोई फ्रैंचाइजी उस खिलाड़ी को रिलीज या ट्रेड करती है, जिसे उसने 2025 की बड़ी नीलामी से पहले रिटेन किया था, तो उसकी नीलामी राशि में उस समय के रिटेंशन स्लैब के हिसाब से बदलाव होगा। एसआरएच के मामले में कोई और रकम नहीं जुड़ेगी और न ही कटेगी, क्योंकि बड़ी नीलामी से पहले चार कैप्ड खिलाड़ियों को रिटेन करने की कीमत 61 करोड़ रुपए थी। यह उनके बाकी चार रिटेंशन – हाइनरिक क्लासन (23 करोड़ रुपए), पैट कमिंस (18 करोड़ रुपए), अभिषेक शर्मा (14 करोड़ रुपए) और नीतीश कुमार रेड्डी (6 करोड़ रुपए) – की कुल सैलरी के बराबर है।

एसआरएच हेड की दूसरी आईपीएल फ्रैंचाइजी थी। इससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए दस मैच खेल चुके थे। एसआरएच के लिए कुल मिलाकर हेड ने 43 मैचों में 176.14 के स्ट्राइक रेट और 32.95 की औसत से 1351 रन बनाए। लेकिन एसआरएच के लिए उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि अभिषेक के साथ उनकी शानदार ओपनिंग साझेदारी रही। इस जोड़ी ने न सिर्फ़ आईपीलए, बल्कि पूरे टी-20 क्रिकेट में ओपनिंग बल्लेबाजी का अंदाज ही बदल दिया। रनों के मामले में ट्रैविसेक एसआरएच की दूसरी सबसे सफल जोड़ी है। उनसे आगे सिर्फ़ शिखर धवन और डेविड वॉर्नर की जोड़ी है। ट्रैविसेक ने 42 पारियों में 46.14 की औसत से 1892 रन जोड़े हैं। इसमें छह शतकीय और नौ अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं। रन बनाने की रफ़्तार के मामले में, कम से कम 1000 साझेदारी रन की शर्त के साथ, ट्रैविसेक आईपीएल इतिहास की सबसे बेहतरीन जोड़ी है।


इस जोड़ी ने 12.27 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए हैं। अब तक एसआरएच ने लेग स्पिनर ज़ीशान अंसारी को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड करके बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी नटराजन को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा, उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स से तेज गेंदबाज ख़लील अहमद और नेथन एलिस को भी लियम लिविंगस्टन और जैक एडवर्ड्स के बदले हासिल किया है। वे हर्षल पटेल को गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड करने की तैयारी में भी हैं।