बोर्ड ने वेबसाइट पर अपलोड किए टीजीटी आर्ट्स और जेबीटी के प्रवेश पत्र
नगर संवाददाता- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा टेट नवंबर-2026 के अंतर्गत टीजीटी (आर्ट्स ) एवं जेबीटी विषयों की परीक्षाएं 22 नवंबर को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टेट (आट्र्स) की परीक्षा प्रात: 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कुल 14,186 अभ्यर्थी प्रदेशभर के 80 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। इसी प्रकार, जेबीटी विषय की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से सायं 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 7,773 अभ्यर्थी 61 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। दोनों परीक्षाओं की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है। डॉ. शर्मा ने बताया कि उक्त परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किए हैं, वे बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर टेट लिंक के माध्यम से अपना एप्लीकेशन नंबर एवं जन्मतिथि दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें अंकित विवरणों एवं परीक्षा केंद्र की जानकारी को ध्यानपूर्वक जांच लें तथा निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में पहुंचना सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति के लिए अब 30 नवंबर तक करें आवेदन
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति के आवेदन से वंचित रह गए विद्यार्थियों को सरकार ने एक और मौका दिया है। नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल को दोबारा खोल दिया गया है। विद्यार्थी 30 नवंबर, 2026 तक विभिन्न केंंद्र प्रायोजित और राज्य प्रायोजित छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन जमा कर सकेंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी सरकारी और निजी वरिष्ठ माध्यमिक तथा उच्च विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। जारी शेड्यूल के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। वहीं, संस्थान स्तर यानी आईएनओ लेवल वन पर आवेदनों के सत्यापन की अंतिम तिथि 8 दिसंबर और दूसरे स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2026 तय की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का अंतिम अवसर है।