नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके साथ बहस के बाद पीएम मोदी की सीआरपीएफ के एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी। राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर सीआरपीएफ जवानों को संबोधित करते हुए लिखा, “आपके चेहरों ने सब बता दिया-आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं।”
उन्होंने कहा, “उन्होंने हमें नक्सली कहा। मेरी चुनौती कायम है। वो मुझसे बहस करें-देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है। कोई भी समय, किसी भी जगह।” राहुल गांधी ने आगे लिखा, “मेरी गारंटी है कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी।” गौरतलब है कि पीएम मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस में सीआरपीएफ तथा अन्य सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी।