जुगेहड़, भड़ोत और बंडी की 65 हेक्टेयर भूमि पर नया शहर बसाने की योजना
दिव्य हिमाचल ब्यूरा — धर्मशाला
धौलाधार की बर्फीली चोटियों की छांव में बसे कांगड़ा की शांत वादियां अब एक बड़े आर्थिक और पर्यटन बदलाव की गवाह बनने जा रही हैं। कल्पना कीजिए, विमान से उतरते ही पर्यटकों का स्वागत विश्वस्तरीय फाइव स्टार होटल, अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, भव्य शॉपिंग काम्प्लेक्स और मनोरंजन के आधुनिक केंद्र करें। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की कवायद के बीच प्रदेश सरकार ने इसके ठीक साथ एक अत्याधुनिक एयरोसिटी बसाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए एयरपोर्ट से सटे जुगेहड़, भडोथ और बंडी क्षेत्रों में करीब 65 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर ली गई है।
पर्यटन विभाग ने प्रशासन के माध्यम से सोशल इम्पैक्ट असेस्मेंट (सामाजिक प्रभाव आकलन) सर्वे और कांसेप्ट नोट की फाइल तैयार कर पर्यटन निदेशालय को भेज दी है, जहां से इसे अंतिम मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। सरकार की मुहर लगते ही अधिसूचना जारी होगी और चिह्नित गांवों में जमीनी स्तर पर सर्वे का काम शुरू हो जाएगा।प्रारंभिक आकलन बताता है कि एयरोसिटी के लिए केवल भूमि अधिग्रहण पर ही करीब 122.32 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। एक तरफ गगल एयरपोर्ट विस्तार ने की प्रक्रिया चल रही है, तो दूसरी तरफ एयरोसिटी कांगड़ा के विकास को नई रफ्तार देगी।
भू-अधिग्रहण से पहले घर-घर जाकर होगा सर्वे
भूमि अधिग्रहण से पूर्व होने वाले सर्वे में हर छोटे-बड़े पहलू को बारीकी से खंगाला जाएगा। सर्वे टीम घर-घर जाकर यह आकलन करेगी कि 65 हेक्टेयर के इस दायरे में कुल कितने परिवार और लोग प्रभावित हो रहे हैं, कितने रिहायशी आशियाने, व्यावसायिक दुकानें, सरकारी संपत्तियां और कितनी उपजाऊ कृषि भूमि इस प्रोजेक्ट की जद में आएगी। केवल विस्थापन या नुकसान ही नहीं, बल्कि सर्वे में इस बात का भी पूरा खाका खींचा जाएगा कि इस मेगा प्रोजेक्ट के अस्तित्व में आने से स्थानीय युवाओं को रोजगार, कारोबारियों को नए अवसर और क्षेत्र को बुनियादी सुविधाओं के रूप में क्या-क्या दीर्घकालिक लाभ मिलेंगे।