दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
देश में मुर्गियों को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। भारत ने पहली बार एवियन इन्फ्लूएंजा यानी बर्ड फ्लू के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन तैयार की है। यह टीका मुर्गियों को एच5एन1 वायरस के एक खास स्ट्रेन से सुरक्षा देने के लिए विकसित किया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को मुर्गियों के लिए भारत की पहली देसी ‘इनएक्टिवेटेड एच5एव1’ एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) वैक्सीन लांच करने वाले हैं। बुधवार को एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गई। आईसीएआर-एनआईएचएसएडी भोपाल ने मुर्गियों के लिए पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा वैक्सीन बनाई है। इस वैक्सीन से देश में फैल रहे ‘क्लेड 2.3.2.1ए एच5एन1’ वायरस के स्ट्रेन से सुरक्षा मिलेगी।
अभी, क्लेड 2.3.2.1ए के एच5एन1 वायरस के खिलाफ कोई खास कॉमर्शियल वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। इसलिए, भारत के लिए एक देसी वैक्सीन जरूरी है। बहुत ज्यादा पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (एचपीएआई), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू के नाम से जाना जाता है, पोल्ट्री को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसके फैलने से इंफेक्टेड पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत मौत हो सकती है, जिससे पोल्ट्रीफार्म वालों को भारी नुकसान होता है।