मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई, दो चार्टर्ड विमान और छह प्लाट भी जब्त
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
ईडी ने अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 510 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की हैं। इनमें दो निजी विमान भी शामिल हैं। ईडी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप से जुड़ी कंपनियों पर बैंक और वित्तीय संस्थानों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में की गई है।
संपत्तियों को कुर्क करने के लिए धन शोधन निवारण कानून के तहत अस्थायी आदेश जारी किया गया है। आरकॉम मामले में ईडी ने दो चार्टर्ड विमानों, महाराष्ट्र में छह प्लाट और ऑफिस कैंपस को कुर्क किया है। कुर्क किए विमानों में डसॉल्ट फाल्कन 2000 और एम्ब्रेयर शामिल हैं। आरएचएफएल और आरसीएफएल से जुड़े मामले में तमिलनाडु की दो पवन चक्कियां, बैंक खातों में जमा रकम, सावधि जमा और निवेश को कुर्क किया गया है।