जहाज पर 14 भारतीय थे सवार, 13 बचाए
विदेश मंत्रालय ने की हमले की निंदा
एजेंसियां — ओमान
होर्मुज स्ट्रेट में एक भारतीय जहाज पर हमला हुआ, जिसमें गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई। जहाज पर सवार बाकी 13 भारतीयों को ओमान के कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया। मृतक की पहचान गांधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है। जहाज का नाम एमएसवी अल जुसुफी है। हमला कैसे हुआ और किसने किया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हमले के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही और कारोबार बिना किसी रुकावट के जारी रहना चाहिए। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, इस साल अक्तूबर में होर्मुज स्ट्रेट और आसपास जहाजों पर 30 से ज्यादा हमले हुए थे। ईरान-अमरीका जंग शुरू होने के बाद एक महीने में हमलों की यह सबसे बड़ी संख्या थी।