महिलाओं-किसानों के सहारे मिशन रिपीट, विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बिछाई घोषणाओं-योजनाओं की बिसात

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बिछाई घोषणाओं-योजनाओं की बिसात

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चुवाड़ी

अगले वर्ष होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों की उल्टी गिनती शुरू होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की जनता को साधने का अपना सियासी ब्लूप्रिंट जमीन पर उतार दिया है। चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक चुवाड़ी चौगान से मुख्यमंत्री ने न केवल विकास की सौगातों की झड़ी लगाई, बल्कि आगामी चुनावी रण के लिए कांग्रेस का एजेंडा भी सेट कर दिया। सिविल कोर्ट, सीबीएसई स्कूल और सडक़ों के लिए 10 करोड़ की मंजूरी के साथ सुक्खू ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि कांग्रेस सरकार महिला, किसान और गरीब वर्ग के मजबूत समीकरण के सहारे चुनावी मैदान में उतरेगी।  मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दिए हैं कि जल्द ही सोलन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी एक विशाल रैली को संबोधित करेंगी, जहां से प्रदेश की महिलाओं को हर माह 1500 रुपए देने की महत्त्वाकांक्षी योजना का बड़ा ऐलान किया जाएगा।


इससे पहले सुक्खू ने अगले माह से मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करने की घोषणा कर आधी आबादी और गरीब वर्ग को सीधे तौर पर पार्टी से जोडऩे का दांव खेला है। अकेले भटियात के 10 हजार परिवारों की 20 हजार महिलाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ताए 300 यूनिट मुफ्त बिजली और कैशलेस इलाज की गारंटी देकर सरकार ने विपक्ष के हाथों से बड़ा मुद्दा छीनने की कोशिश की है।

भाजपा को घेरने का प्लान

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि आगामी चुनाव में ‘केंद्र की अनदेखी’ कांग्रेस का प्रमुख राजनीतिक हथियार होगा। राजस्व घाटा अनुदान बंद करने और 1500 करोड़ रुपाए की मदद न मिलने का मुद्दा उठाकर सुक्खू ने गेंद भाजपा के पाले में डाल दी है। पूर्व सरकार द्वारा बिना स्टाफ संस्थान खोलने के फैसले को जनता के साथ खिलवाड़ बताकर उन्होंने विपक्ष को रक्षात्मक मुद्रा में भेजने का प्रयास किया है।

दिग्गजों की एकजुटता

मंच पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैय्यर, आशा कुमारी और अजय महाजन की मौजूदगी ने कांग्रेस की एकजुटता का संदेश दिया। कुलदीप पठानिया द्वारा भटियात को पिछड़ेपन से बाहर निकालने व आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा 1.50 लाख से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपए करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जतान पार्टी की मजबूत होती पकड़ को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज से फिर चंबा प्रवास पर

चंबा — मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का चार से छह नवंबर तक चंबा जिला के प्रवास का संशोधित कार्यक्रम जारी हो गया है। मुख्यमंत्री चार नवंबर को दोपहर बाद कला मंच भंजराडू में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के पश्चात जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सायं छह बजे मेला ग्राउंड देहग्रां में सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन होगा तथा उसी गांव में उनका रात्रि ठहराव रहेगा। मुख्यमंत्री पांच नवंबर को प्रात: 10 बजे तीसा स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे तथा एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। मुख्यमंत्री भरमौर के अंतर्गत दोपहर 12:05 बजे लिल्ह कोठी कॉलेज के खेल मैदान में विभिन्नयोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री 5:45 बजे मैहला में सरकार गांव के द्वार कायक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। उनका रात्रि ठहराव गांव मेहला में होगा। छह नवंबर को प्रात: 10 बजे मुख्यमंत्री मैहला स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इसके पश्चात वह शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।