खुले में बीड़ी-सिगरेट बेचने वालों पर कार्रवाई नियमों की अनदेखी करने वालों पर गिरी गाज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गरुवार को चंबा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिना पंजीकरण तंबाकू उत्पाद बेचने, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने, खुले में बीड़ी-सिगरेट बेचने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने हिमाचल प्रदेश अधिनियम 2016 (खुली बीड़ी और सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध) तथा कोटपा अधिनियम के तहत चालान काटकर मौके पर 27,600 रुपये जुर्माना वसूला। इस संयुक्त निरीक्षण टीम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितैषी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मानक विभाग चंबा दीपक आनंद और पुलिस विभाग से मंजीत धीमान शामिल रहे।
नियमों को पालन करें सभी दुकानदारों
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितैषी ने बताया कि तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष विज्ञापन और खुले में बीड़ी-सिगरेट की बिक्री के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। उन्होंने दुकानदारों से भी नियमों का पालन करने और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री से दूर रहने की अपील की।