मुकेश संगर—चंडीगढ़
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का बिगुल बज गया है। चुनाव आयुक्त विजय देव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके तहत 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही शहर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चंडीगढ़ नगर निगम के कुल 35 वार्डों में पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। निर्वाचित पार्षदों का कार्यकाल पांच साल का होता है, जबकि मेयर का चुनाव हर साल किया जाता है।
मेयर का चुनाव नगर निगम के निर्वाचित पार्षद अपने बीच से करते हैं। वर्ष 2021 में हुए नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। पार्टी ने 14 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 और अकाली दल को एक सीट मिली थी। हालांकि, कार्यकाल के दौरान दल-बदल के चलते नगर निगम के राजनीतिक समीकरण बदल गए। मौजूदा समय में भाजपा के पास 18 पार्षद, कांग्रेस के पास 10 और आम आदमी पार्टी के पास 7 पार्षद हैं। अकाली दल का निगम में कोई पार्षद नहीं है। इस तरह भाजपा वर्तमान में नगर निगम की सबसे बड़ी पार्टी है। आगामी चुनाव में सभी राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है।