निजी संवाददाता — शाहकोट
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि राज्य में आप सरकार के सत्ता में रहने तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, एक हजार रुपए मासिक आर्थिक सहायता, दस लाख रुपए तक स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री ने शाहकोट के गांव डोनेवाल में लोक मिलणी कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब और उसके संसाधनों का शोषण किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब विरोधी सत्ता वापसी के लिए मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता वर्षों तक राज्य को लूटने वाली पार्टियों को जवाब देगी। श्री मान ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों को पंजाब की जनता ने कई अवसर दिए, लेकिन उनके शासनकाल में राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने अकाली दल पर बेअदबी के मामलों और नशे के कारोबार को संरक्षण देने के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि अकाली शासन के दौरान परिवहन, केबल, खनन और अन्य कारोबार पर एक परिवार का दबदबा रहा।