नरेन कुमार-तपोवन (धर्मशाला)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अब एहसास हो गया है कि अगले विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर होना पड़ेगा। यही वजह है कि कांग्रेस नेता अभी से विपक्ष की भूमिका निभाने की रिहर्सल करने लगे हैं। जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से सदन में दिए गए बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदन के भीतर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें सुनना और बोलना भी समाज के लिए उचित नहीं है। हिमकेयर योजना के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को सदन में इस तरह के अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा से मुख्यमंत्री के पद की गरिमा प्रभावित होती है।