दिवाली पर CM सुक्खू का शिक्षकों को बड़ा तोहफा, एक साथ 675 अधिकारियों को मिली पदोन्नति

शिमला: दिवाली पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग से पदोन्नति से संबंधित फाइल तत्काल मंगवाकर कुल 675 अधिकारियों की पदोन्नति को मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने 52 हेडमास्टर्स को प्रिंसिपल के पद पर पदोन्नत करने के साथ-साथ 623 टीजीटी और लेक्चरर्स को हेडमास्टर बनाने की फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी पदोन्नत अधिकारियों को बिना किसी देरी के प्रमोशन का लाभ दिया जाए और उन्हें अपने नए पदों पर जल्द से जल्द जॉइन करवाया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद शिक्षा विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पदोन्नति की फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल निर्णय लिया। मुख्यमंत्री का मानना है कि स्कूलों में प्रधानाचार्य और हेडमास्टर जैसे जिम्मेदार पदों का रिक्त रहना शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। जब तक स्कूलों में मुखिया उपलब्ध नहीं होगा, तब तक प्रशासनिक व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों का सुचारू संचालन चुनौतीपूर्ण बना रहेगा। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पदोन्नत अधिकारियों को तुरंत नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएं, ताकि स्कूलों में नेतृत्व की कमी दूर हो और बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ स्कूलों का प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री के इस फैसले को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्कूलों में नेतृत्व व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दिवाली पर मिली इस पदोन्नति की सौगात से शिक्षा विभाग के सैकड़ों अधिकारियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।