Belonging: A Journey of Love: पन्ने खुलते ही सोनिया की किताब पर विवाद, विरोधियों ने लगाए यह आरोप

विरोधियों ने एमरजेंसी और सिख दंगों पर लीपापोती का लगाया आरोप

544 पेज की किताब में सात चैप्टर, एमेजॉन पर भी उपलब्ध

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग-ए जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई। हार्पर कॉलिंस इंडिया से प्रकाशित इस किताब में 544 पेज हैं और इसे सात चैप्टर में बांटा गया है। पहले एडिशन के लिए एक लाख कॉपियां छापी गई हैं। सोनिया गांधी के इस संस्मरण की कीमत हार्डकवर संस्करण के लिए 1,299 रुपए रखी गई है, लेकिन एमेजॉन पर यह किताब 29 फीसदी की छूट के साथ 925 रुपए में उपलब्ध है। इस किताब में राजीव गांधी से उनकी मुलाकात से लेकर गांधी परिवार, आपातकाल, संजय गांधी की भूमिका, मेनका गांधी से मनमुटाव, इंदिरा गांधी की हत्या, फिर राजीव गांधी की हत्या, राजनीति में आने की उनकी मजबूरी, 2004 में प्रधानमंत्री पद न लेने, राहुल और प्रियंका गांधी का डर, मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने, प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्त्वाकांक्षा और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके रिश्तों को लेकर खुलकर बात की गई है। हालांकि किताब के सामने आते ही विवाद भी शुरू हो गया है। जहां भाजपा ने आपातकाल पर लेख को इंदिरा गांधी की छवि चमकाने की चेष्टा बताया है, वहीं दिल्ली के सिख दंगों को लेकर गांधी परिवार के अफसोस पर शिरोमणि अकाली दल ने करारा प्रहार करते हुए कहा कि गांधी परिवार को उस कत्लेआम के लिए कभी माफ नहीं किया जा सकता। भाजपा ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय सोनिया गांधी की आंखों में आंसू आने की बात को भी लपकते हुए इसे मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति बताया है।

विरोधियों ने एमरजेंसी, सिख दंगों और कारसेवकों की हत्या पर सोनिया गांधी के लेखों को लीपापोती करार देते हुए कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष आंसू बहाकर अपनी पार्टी के काले कारनामों को नहीं छिपा सकतीं। सोनिया गांधी की किताब में 1975 से 1977 के आपातकाल के दौरान सत्ता के भीतर चल रही गतिविधियों और संजय गांधी की भूमिका का जिक्र किया है। उन्होंने संजय गांधी को जल्दबाजी में रहने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि संवैधानिक अधिकार न होने के बावजूद आपातकाल के दौरान फैसले लेने में उनकी अहम भूमिका थी। सोनिया गांधी ने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भीतर से आपातकाल को लेकर कभी पूरी तरह सहज नहीं थीं, लेकिन उस समय की परिस्थितियों में फैली अराजकता के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सोनिया गांधी ने लिखा कि संजय गांधी के एजेंडे में परिवार नियोजन का मुद्दा सबसे अधिक गंभीर परिणामों वाला साबित हुआ। यह कार्यक्रम ठीक से तैयार नहीं किया गया था और इसे बेहद लापरवाही के साथ लागू किया गया। इससे लोगों में गहरी नाराजगी और आक्रोश पैदा हुआ। राजीव गांधी इस बारे में कई बार संजय गांधी का समझाते भी थे। हालांकि मेनका गांधी से शादी के बाद घर के हालात बदल से गए। उन्होंने आगे मेनका गांधी के बारे में भी लिखा है कि कैसे घर के भीतर शुरू हुए मतभेद धीरे-धीरे राजनीतिक मतभेदों में बदल गए और आखिरकार परिवार में बड़ी दरार पड़ गई। सोनिया गांधी के मुताबिक, नाराज होने पर मेनका गाली-गलौज वाले शब्दों का इस्तेमाल करती थीं, यहां तक कि मेरी सास (इंदिरा गांधी) के सामने भी वह ऐसे शब्द बोल देती थीं, जिन्हें उस घर में बोलना वर्जित था, इससे संजय को शर्मिंदगी होती थी और हम सब हैरान रह जाते थे।

मेनका की नजऱ में हम दुश्मन थे, वह उन पत्रकारों के जरिए हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं, जिनके संपर्क में वह थीं। 23 जून, 1980 को एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत के बाद परिवार के भीतर मतभेद और गहरे हो गए। मेनका की भाजपा और आरएसएस के साथ नजदीकियां भी परिवार को ठीक नहीं लग रही थीं। इस दौरान कांग्रेस के बागियों के साथ मेनका गांधी की बैठक इंदिरा गांधी को इतनी नागवार गुजरी की उन्होंने मेनका से उनकी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सीधे बात की और उन्हें दो विकल्प दिए। या तो वह अपना रास्ता बदलें या फिर परिवार का घर छोड़ दें। सोनिया लिखती हैं कि मेनका ने आरोपों से भरा एक जवाब दिया, जिसका मकसद जाहिर तौर पर अपनी सास की छवि को नुकसान पहुंचाना था। यह साफ हो गया था कि वह ऐसा हंगामा खड़ा करना चाहती थीं, जिसके जरिए वह घर छोड़ सकें और सार्वजनिक तौर पर इसका दोष श्रीमती गांधी पर मढ़ सकें। सोनिया का आरोप है कि इसके बाद मेनका ने घर छोडऩे की घटना के लिए इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और खुद सोनिया को जिम्मेदार ठहराया था।