चुराह हलके के दौरे पर फूलमालाओं के साथ सीएम का अभिनंदन, भंजराडू पहुंचकर सीएम ने सुनीं जनसमस्याएं
निजी संवाददाता-तीसा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बुधवार को चुराह हलके के दौरे पर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन का लंबे समय से इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने अपने नेता का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। बुधवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हेलिकॉप्टर से भंजराडू हेलीपैड पहुंचे। यहां सदर विधायक नीरज नैयर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमार, चुराह के पूर्व विधायक सुरिंद्र भारद्वाज, प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत खन्ना, कांग्रेस नेता प्रकाश भूटानी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान हेलीपैड मुख्यमंत्री जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचा। कुछ देर विश्राम करने के बाद उन्होंने भंजराडू कला मंच पहुंचकर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगातें दीं। इसके बाद उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात कर उनकी मांगें और समस्याएं सुनीं। शाम छह बजे मुख्यमंत्री देहग्रां के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री के चुराह दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में दिनभर उत्साह बना रहा।