मोहाली पुलिस की कार्रवाई, पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क, चार आरोपी गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर- मोहाली
पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के इशारे पर मोहाली और आसपास के इलाकों में नशा और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मोहाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपए की ड्रग मनी और एक क्रेटा कार बरामद की है। पुलिस जांच में आरोपियों के पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के संपर्क में होने और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन मंगवाने का मामला सामने आया है। एसएसपी वरुण शर्मा के निर्देशों पर सीआईए स्टाफ मोहाली की टीम सात नवंबर को खरड़ इलाके में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुखचैन सिंह उर्फ सुखाए मनप्रीत सिंह, सुनील सिंह उर्फ सन्नी और गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल हैं।
आरोपी क्रेटा कार में घूमकर मोहाली के अलग-अलग इलाकों में नशे और हथियारों की सप्लाई करते हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मनप्रीत सिंह 23, सुनील सिंह उर्फ सन्नी 26, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी 24 और सुखचैन सिंह उर्फ सुखा 23 शामिल हैं। चारों फिरोजपुर जिले के रहने वाले हैं। बरामद हथियारों में एक 30 बोर जिगाना पिस्तौल, दो 32 बोर और दो 315 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर खरड़ में एफआईआर नंबर 388, दिनांक सात नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61, 85 और आम्र्स एक्ट की धाराओं 25, 54, 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पहुंच रही थी हेरोइन पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के संपर्क में थे। सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही हेरोइन को हासिल कर आगे सप्लाई करने का काम किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों की भूमिका की जांच कर रही है।