जीरकपुर के एएमजी होटल में एनकाउंटर, इकबाल सिंह हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

 कई अहम खुलासों की उम्मीद

निजी संवाददाता— जीरकपुर

जीरकपुर के एएमजी होटल में शुक्रवार को एजीटीएफ और मोहाली पुलिस की टीमों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड से कथित तौर पर जुड़ा एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर काबू कर के अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह/ हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बमन के रूप में बताई जा रही है। उसके विदेश में सक्रिय डोनी बल गैंग से कथित संबंध होने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में एसपी ऑपरेशन मोहाली आकाशदीप औलख ने बताया कि एजीटीएफ और मोहाली पुलिस की टीमें काफी समय से आरोपियों का पीछा कर रही थीं। जब पुलिस पार्टी आरोपी को आत्मसमर्पण करवाने के लिए उसके पास पहुंची, तो उसने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी एक राउंड गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।


पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तरनतारन में 11 अक्तूबर को हुए एएसआई इकबाल सिंह के कत्ल से जोडक़र देखी जा रही है। इकबाल सिंह फिरोजपुर स्थित काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी थी। अब सामने आ रही जानकारी के अनुसार, एएमजी होटल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ आरोपी इस हत्याकांड में कथित शूटर के तौर पर जांच के दायरे में है। एसपी ऑपरेशन आकाशदीप औलख ने बताया कि आरोपी के किसी स्थानीय व्यक्ति या अन्य नेटवर्क के साथ संबंधों को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड और कथित गैंग नेटवर्क से जुड़ी अन्य अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।