महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

एनआरएलएम की वार्षिक बैठक में महिला सशक्तिकरण पर मंथन
नगर संवाददाता-चंबा
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत वार्षिक आम बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. बशीर खान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर डीआरडीए के अर्थशास्त्री विनोद तथा सामाजिक संस्था प्रयास एक जरिया की संस्थापक दीक्षा मैहरा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मुख्यातिथि डॉ. बशीर खान ने महिलाओं को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास, सामूहिक प्रयास और स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। वहीं, अर्थशास्त्री विनोद ने ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन में स्वयं सहायता समूहों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

विशेष अतिथि दीक्षा मैहरा ने महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, घरों और आसपास के वातावरण की साफ-सफाई तथा उचित कचरा प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने, अपने भीतर छिपे हुनर को पहचानने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। बैठक के दौरान महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा। बैठक में विभिन्न पंचायतों से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और पंचायत सचिवों ने भाग लिया।