डीएवी चंबा में रामायण के प्रसंगों ने बांधा समां

डीएवी के नौनिहालों ने दिखाई कला और संस्कृति की झलक, रंगोली और दीप सजाकर मनाई दीपावली
नगर संवाददाता-चंबा
डीएवी पब्लिक स्कूल चंबा में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित करवाने के साथ उनमें रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का विकास करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, दीया सजावट और कार्ड मेकिंग सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए सुंदर रंगोलियां बनाईं तथा मिट्टी के दीपकों को विभिन्न रंगों और डिजाइनों से सजाया। कार्ड मेकिंग गतिविधि में भी बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने रामायण पर आधारित विभिन्न प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इनके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया गया।

छात्रों और शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं
एआरओ एचपी जोन-बी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बिक्रम सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोडऩे के साथ उनमें सहयोग, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों का विकास भी करते हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य एवं कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों और अभिभावकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।