दिव्या हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही संपन्न होते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन समारोह में शिरकत की। सत्र के व्यस्त और महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम के बावजूद उनके इस दौरे को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर समन्वय के रूप में देखा जा रहा है। राजधानी दिल्ली में आयोजित इस पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस विशेष अवसर पर शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भेंट कर विभिन्न समसामयिक और संगठनात्मक विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी की।
सियासी जानकारों का मानना है कि शीतकालीन सत्र के बीच मुख्यमंत्री का यह संक्षिप्त दिल्ली प्रवास राजनीतिक समीकरणों और प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों के दृष्टिकोण से भी महत्त्वपूर्ण है। दिल्ली में आयोजित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के पश्चात मुख्यमंत्री के पुन: धर्मशाला लौटकर विधानसभा सत्र की आगामी कार्यवाही में भाग लेने का कार्यक्रम है।