ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल; पेयजल आपूर्ति भी बाधित, दीये-अलाव के सहारे कट रहीं सर्द रातें
नगर संवाददाता-चंबा
साहो व कुरैणा पंचायत के चार गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली गुल होने से ब्लैक आउट की स्थिति बनकर रह गई है। ग्रामीणों को सर्द रातें दीये व अलाव की रोशनी में काटनी पड रही हैं। बिजली आपूर्ति ठप्प होने की वजह ट्रांसफार्मर के खराब होना बताई गई है। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी बिजली व्यवस्था बहाल न होने से ग्रामीणों में बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ खासी नाराजगी है। ग्रामीणों ने सोमवार तक समस्या का हल न होने पर बिजली बोर्ड कार्यालय के घेराव की दो टूक सुना डाली है। ग्रामीणों का कहा है कि साहो व कुरैणा पंचायत के कुडवा, तोली, चोंरी व सेंथवाड गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि बिजली गुल होने से जहां रोजमर्रा के कार्य दिन के उजाले में निपटाने पड रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने साथ ही बताया कि साहो पंचायत के तोली, चोंरी व सेंथवाड़ गांव में पेयजल आपूर्ति भी बाधित पडी हुई है। उन्होंने बिजली बोर्ड प्रबंधन व जलशक्ति विभाग से जल्द बिजली व पेयजल व्यवस्था को बहाल कर राहत प्रदान करने की मांग दोहराई है।
अधिकारियों के बोल
बिजली बोर्ड मंडल चंबा के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता ईं हंसराज चौहान ने बताया कि समस्या ध्यान में लाई गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही समस्या का हल कर दिया जाएगा। उन्होंने बिजली आपूर्ति ठप्प होने से ग्रामीणों को पेश आ रही दिक्कतों पर खेद जताया है। वहीं जलशक्ति मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता ईं जितेंद्र शर्मा ने बताया कि समस्या के ध्यान में आते ही फील्ड स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।