5,947 रुपए सस्ता होकर 1.23 लाख प्रति 10 ग्राम पर आया
चांदी के दाम भी 9,789 रुपए गिरे, 1.50 लाख पर आई
डालर में मजबूती और मुनाफावसूली से बना दबाव
हाई से 30 फीसदी सस्ता हुआ सोना, चांदी 60 फीसदी तक गिरी
एजेंसियां — मुंबई
सोना-चांदी के दाम में लगातार गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, शुक्रवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 5,947 रुपए सस्ता होकर 1.23 लाख रुपए पर आ गया। इस गिरावट के बाद सोना करीब एक साल पुराने स्तर पर पहुंच गया है। पिछले साल 24 नवंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,23,308 रुपए था। इसके बाद सालभर तक इसके भाव ज्यादा बने रहे। उधर, चांदी के भाव में भी शक्रवार को 9,789 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद चांदी 1.50 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई।
अमरीकी डालर में मजबूती और ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। बता दें कि इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढक़र 1.76 लाख रुपए के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था। तब से अब तक सोना करीब 52.4 हजार रुपए यानी करीब 30 फीसदी सस्ता हो चुका है। वहीं, चांदी 31 दिसंबर, 2025 को 2.30 लाख रुपए थी, जो 29 जनवरी को 3.80 लाख रुपए के हाई पर पहुंच गई। तब से चांदी करीब 2.29 लाख रुपए यानी 60 फीसदी सस्ती हो चुकी है।