हिमाचल के इस डैम में पाई जाती है ‘राज्य मछली’, अब पश्चिम बंगाल भी चखेगा स्वाद

रामस्वरूप शर्मा—नगरोटा सूरियां

कांगड़ा जिला की पौंग झील यानी महाराणा प्रताप सागर डैम केवल प्रवासी पक्षियों के बसेरे के रूप में ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध मत्स्य संपदा के लिए भी विशेष पहचान रखता है। इस विशाल जलाशय में पाई जाने वाली दुर्लभ हिमालयन गोल्डन महाशीर प्रदेश की राज्य मछली होने के साथ-साथ जलीय जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। अब पौंग झील से जुड़ी इस बेशकीमती मछली की पहचान हिमाचल से बाहर पश्चिम बंगाल तक पहुंचने जा रही है। हिमाचल प्रदेश के मत्स्य विभाग ने मंडी जिला के मच्छियाल स्थित राष्ट्रीय महाशीर फार्म में तैयार गोल्डन महाशीर की 2,000 फिंगरलिंग्स की पहली खेप पश्चिम बंगाल भेजी है।

सफल परीक्षण के बाद 10,000 और फिंगरलिंग्स भेजने की योजना है। गोल्डन महाशीर के संरक्षण और संवर्धन के लिए हिमाचल प्रदेश में वैज्ञानिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2024-25 में मच्छियाल स्थित राष्ट्रीय महाशीर फार्म में रिकॉर्ड 87 हजार गोल्डन महाशीर की अंगुलिकाएं तैयार की गईं। इनमें से 20 हजार पौंग झील और 13,500 गोबिंदसागर जलाशय में छोड़ी गईं। यह प्रयास प्रदेश के प्राकृतिक जल स्रोतों में इस दुर्लभ मछली की संख्या बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कभी सालाना पांच हजार से भी कम बीज तैयार करने वाले फार्म ने वैज्ञानिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।


मछली उत्पादन में पौंग झील का बड़ा योगदान

पौंग बांध जलाशय हिमाचल प्रदेश के प्रमुख मत्स्य उत्पादक जलाशयों में शामिल है। लगभग 24 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस जलाशय में सिंघाड़ा, रोहू, कतला, मृगल, कॉमन कार्प और महाशीर सहित कई प्रजातियां पाई जाती हैं। वर्ष 2024-25 में पौंग जलाशय से 314.84 मीट्रिक टन मछली उत्पादन दर्ज किया गया। इससे पहले वर्ष 2023-24 में यहां 329.59 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हुआ था।

हजारों परिवारों की आजीविका का आधार

पौंग झील से होने वाला मछली उत्पादन हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। वर्ष 2024 में 15 नवंबर तक इस जलाशय से 2,32,440 किलोग्राम मछली पकड़ी गई थी, जिसका बाजार मूल्य लगभग 4.72 करोड़ रुपये आंका गया था। पौंग मत्स्य क्षेत्र में 15 सहकारी समितियों से जुड़े करीब 3,475 मछुआरे इस व्यवसाय से जुड़े हैं। यहां की मछलियों में सिंघाड़ा की मांग विशेष रूप से रहती है।