देव कमरूनाग मंदिर के 21 और शिरगुल महादेव मंदिर के कपाट 30 नवंबर से बंद
निजी संवाददाता-नौहराधार
शीतकालीन मौसम की दस्तक के साथ ही प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार स्थित शिरगुल महाराज मंदिर के कपाट बंद करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर के कपाट 30 नवंबर को विधिवत बंद कर दिए जाएंगे। पहली दिसंबर से चूड़धार की यात्रा पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। मंदिर समिति की बैठक के लिए तैयार किए गए एजेंडे में मंदिर की आय और व्यय का विस्तृत ब्योरा भी शामिल किया गया है। इसके अनुसार पहली सितंबर, 2024 से 31 अक्तूबर, 2026 तक की अवधि में चूड़धार मंदिर को कुल 1,58,73,500 रुपए की आय हुई है।
इस दौरान विभिन्न कार्यों पर 38,50,287 रुपए खर्च किए गए हैं। खर्च के बाद मंदिर समिति के पास 1,20,23,213 रुपए की राशि शेष है। आय के प्रमुख स्रोतों की बात करें तो इस अवधि में दान पात्रों से सर्वाधिक 1,19,60,776 रुपए प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा ऑनलाइन डोनेशन के माध्यम से 6.95 लाख रुपए, बैंक जमा राशि पर ब्याज से 2,29,797 रुपए तथा सिक्कों से 2,31,900 रुपए की आय हुई है।
बर्फबारी से सफर रिस्की
मंडी। देव कमरूनाग मंदिर के फाटक 21 नवंबर से बंद होंगे। उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर, देवीराम ने बताया कि आगामी शीतकालीन मौसम के दौरान उपमंडल गोहर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड एवं भारी बर्फबारी होने की संभावना है। विशेषकर श्री देव कमरूनाग मंदिर क्षेत्र तथा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, अत्यधिक फिसलन एवं दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।