नेशनल में चमके हिमाचल के होनहार, बैडमिंटन प्रतियोगिता के अगले दौर में पहुंची देवांश-प्रज्ञा की जोड़ी

स्टाफ रिपोर्टर— शिमला

सिक्किम की राजधानी गंगटोक में खेली जा रही 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दिन हिमाचल के अंडर-19 चैंपियन देवांश राणा ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया। देवांश राणा ने छत्तीसगढ़ के चित्राक्ष लोकवानी को तीन संघर्षपूर्ण सेटों में 2-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। देवांश राणा पहले सेट में पीछे गए, लेकिन अगले दो सीटों में देवांश राणा ने जोरदार वापसी करते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी को पराजित किया। हिमाचल टीम के कोच विभोर शर्मा ने बताया कि देवांश राणा मंगलवार को अगले दौर का मैच खेलेंगे।

वहीं,मिक्स डब्ल्स मुकाबले में देवांश और प्रज्ञा की जोड़ी ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह की जोड़ी एरिक जेम्स और लक्ष्मीता को दो सीधे सेटों में पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। हिमाचल की टीम के ही अन्य खिलाड़ी शिवांश राणा दिल्ली के खिडक़ी प्रिंस से दो सीधे सेटों में पराजित हो गए। लड़कियों के मुकाबले में हिमाचल की गरिमा को तमिलनाडु की खिलाड़ी दीशीता सिंघा गोपीनाथ सिंह ने दो सीधे सेटों में पराजित किया। अन्य मुकाबले में हिमाचल की प्रज्ञा को आंध्र प्रदेश की वैष्णवी ने दो सीधे सेटों में पराजित कर दिया। प्रतियोगिता 21 नवंबर तक चलेगी।