सरकाघाट। उपमंडल सरकाघाट के जबोठी खड्ड के पास देर रात हुए सडक़ हादसे में होमगार्ड जवान जयपाल निवासी भद्रवाड़ की मौत हो गई, जबकि कार चालक संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। संजय कुमार डीएसपी सरकाघाट के पीएसओ हैं। पुलिस के अनुसार 10 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे शादी समारोह से लौटते समय एक निजी कार जबोठी खड्ड के पास पुल से नीचे गिर गई। पास स्थित पंप हाउस में ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को एंबुलेंस और सरकारी वाहन की सहायता से नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जयपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रैफर किया गया। मृतक होमगार्ड जवान का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हटली थाना पुलिस ने एफआईआर नंबर 133/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम ने मामले की पुष्टि की है।