निगम मुख्यालय के बाहर धरना, लंबित वित्तीय लाभों के भुगतान न होने पर नाराज
कार्यालय संवाददाता-शिमला
एचआरटीसी पेंशनरों ने अपने लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को शिमला निगम मुख्यालय के बाहर प्रदेश के सभी जिलों से परिवार सहित पहुंचे पेंशनर्ज से सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन तीन बजे तक चला। इस दौरान पेंशनर्ज ने अपनी समस्याओं को लेकर निगम प्रबंधन और सरकार के प्रति अपने आक्रोश को जाहिर किया।
एचआरटीसी पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी के समस्त पेंशनर अपनी मांगों के समर्थन और सरकार व निगम प्रबंधन की ढुलमुल कार्यप्रणाली के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। पेंशनरों की करीब 20 से 25 मांगें पिछले लगभग 10 वर्षों से लंबित हैं, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनका समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में एचआरटीसी पेंशनरों के करीब 700 करोड़ रुपए के वित्तीय देय सरकार और निगम प्रबंधन के पास लंबित हैं।
मार्च में नादौन और हरोली में होगा अब धरना
राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार यदि पेंशनर्ज की मांगों को पूरा नहीं करती है तो मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नादौन और हरोली में धरना आयोजित करने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। मार्च तक पेंशनर अपनी तैयारियां पूरी करेंगे और जनजागरण अभियान चलाकर लोगों तक अपनी मांगें पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च के बाद जून में और फिर सितंबर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। चेतावनी देने के बावजूद पेंशनरों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।