मेडिकल क्षेत्र में बनाना चाहते हैं करियर, तो फार्मेसी के ये कोर्स खोलेंगे तरक्की के रास्ते

आज के समय में चिकित्सा एक ऐसा क्षेत्र बन चुका है, जहां पर आपको रोजगार के बहुत विकल्प मौजूद मिलेंगे। ऐसे में मेडिकल के क्षेत्र में फार्मेसी की अहम भूमिका रहती है। आमतौर पर फार्मेसी के अंतर्गत दवाओं की मैन्युफैक्चरिंग, स्टोरेज और डाक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं का वितरण आदि शामिल है। अगर करियर के लिहाज से देखें तो फार्मेसी की मांग निरंतर बढ़ती जा रही है…

फार्मेसिस्ट की फील्ड काफी व्यापक है। इसमें करियर की अपार संभावनाएं भी हैं। दवाइयों की जानकारी रखना और इनसे जुड़ी रिसर्च के बारे में जानना जिन्हें अच्छा लगता है वे इस फील्ड में आ सकते हैं। इस क्षेत्र को ज्वॉइन करने के लिए डी फार्मा और बी फार्मा जैसे कोर्स करना जरूरी है। ये कोर्स करने के बाद कैंडीडेट सरकारी व प्राइवेट के अलावा कई नए करियर से जुड़ सकते हैं, जिसमें सैलरी तो अच्छी मिलती ही है, साथ ही नए शोध भी करने को मिलते हैं। मेडिकल क्षेत्र वर्ष दर वर्ष तेजी से तरक्की करता जा रहा है। कोविड-19 महामारी आने के बाद तो मेडिकल क्षेत्र ने तेजी से तरक्की की है। बीते वर्ष में फार्मा सेक्टर का महत्त्व हम सभी ने देखा है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ अभिन्न रूप से जुड़ा है फार्मा सेक्टर। भविष्य में इसे और विकसित करने की कई योजनाएं भी हैं। इस समय तेजी से बढ़ रहे हैल्थकेयर सेक्टर में फार्मा क्षेत्र अग्रणी है।

कोविड-19 संकट हो या कि सामान्य समय, असाधारण रोगों, आपदाओं या स्वास्थ्य रक्षा के लिए फार्मा सेक्टर की जरूरत कभी खत्म नहीं होने वाली। वर्तमान स्थितियां चिकित्सीय परीक्षणों और दवाई उत्पादन के एक नए दौर की शुरुआत के तौर भी देखी जा रही हैं। अगर आप भी मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और सीपीएमटी और नीट जैसे एग्जाम में भाग नहीं लेना चाहते हैं तो फार्मेसी आपके लिए ही बना है। फार्मेसी को आमतौर पर दुकान के ही रूप में माना जाता है, जिसे मेडिकल या केमिस्ट स्टोर भी कहा जाता है। फार्मेसी को प्रोफेशनल और एकेडमिक शब्दों में विज्ञान के ब्रांच के रूप में देखा जाता है, जिसमें दवाइयों की जानकारी जैसे दवाइयां कैसे बनती हैं, दवाइयों का डोज क्या होना चाहिए इत्यादि को समझा जाता है। साधारण शब्दों में कहें तो फार्मेसी में हैल्थ साइंस और केमिस्ट्री का संबंध होता है। आप इसे मेडिसिन बायलॉजी और केमिस्ट्री का मिक्सचर भी कह सकते हैं। क्लीनिकल और हैल्थ कम्युनिटी पर फार्मेसी का मुख्य उद्देश्य फोकस करना है।


शैक्षणिक योग्यता

फार्मा सेक्टर के अंडरग्रेजुएट कोर्स में दाखिले के लिए जरूरी है कि छात्र ने दसवीं के बाद बायोलॉजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री या फिर मैथ, फिजिक्स, केमिस्ट्री ग्रुप से 12वीं की हो। अधिकतर कालेज किसी भी फार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश देने से पहले या तो कट ऑफ लिस्ट जारी करते हैं या फिर प्रवेश परीक्षा लेते हैं।

जरूरी स्किल

फार्मा सेक्टर में कुछ विशेष स्किल जरूरी हैं, जैसे- लाइफ साइंस और फार्मेसी के प्रति गहरी रुचि होना। फार्मेसी से जुड़े रिसर्च के क्षेत्र में काम करने के लिए अच्छी शैक्षणिक पृष्ठभूमि के साथ विश्लेषण क्षमता भी बेहतर होनी चाहिए। फार्मेसी के मार्केटिंग क्षेत्र में करियर बनाने के लिए अच्छी अंग्रेजी और कम्यूनिकेशन स्किल बेहतर होने से आगे बढऩे के मौके मिलते हैंं

चुनौतियां

विश्व भर में फार्मा सेक्टर में नई पहल और नई दवाएं आती रहती हैं। इंडस्ट्री के बारे मेंलगातार अपडेट रहना बहुत जरूरी है। पूरी इंडस्ट्री का नजरिया समझना होगा।

आंकड़ों और तथ्यों की सच्चाई पर खास ध्यान देना होता है, अन्यथा शोध कार्य प्रभावित होंगे। शोध में कई बार दबावों में काम करना होता है और सही नतीजे भी देने होते हैं।

दवाओं, मेडिकल उपकरणों का रखरखाव और इस्तेमाल एक संवेदनशील मुद्दा है, इसमें चूक नहीं होनी चाहिए।

फार्मेसी के विभिन्न कोर्स

डी फार्मा

यह एक अंडरग्रेजुएट कोर्स है। यह दो वर्षों का डिप्लोमा वाला कोर्स है और तीन महीनों के लिए इसमें इंटर्नशिप कराई जाती है। इसे हम डिप्लोमा इन फार्मेसी भी कहते हैं। अगर आपकी इच्छा फार्मेसी के क्षेत्र में ही जाने की है और यदि किसी कारणवश आपके पास पैसे और समय की कमी है, तो ऐसे में डी फार्मा आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। भारत में फार्मासिस्ट बनने के लिए यह एक प्रकार का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता वाला कोर्स माना जाता है। वैसे तो बी फार्मा की वैल्यू ज्यादा है। यदि आपने डी फार्मा पहले कर लिया, तो आप बी फार्मा इसके बाद भी कर सकते हैं, जिसे लेटरल एंट्री कहते हैं। इसमें आपको बी फार्मा के दूसरे वर्ष में दाखिला मिल जाता है। अभ्यार्थी ने अगर साइंस से 12वीं में 50 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण किया है, तब इस स्थिति में अभ्यार्थी इस कोर्स के लिए योग्य माना जाएगा।

बी फार्मा

बी फार्मा चार सालों का अंडर ग्रेजुएट कोर्स होता है, जिसे हम बैचलर ऑफ फार्मेसी कहते हैं। इस कोर्स में 12वीं के बाद दो तरीके से एडमिशन ले सकते हैं। पहला डी फार्मा कोर्स कंप्लीट करने के बाद और दूसरा डायरेक्ट बी फार्मा कोर्स करने के लिए कोर्स के अंदर अभ्यार्थियों को कौन सी दवाई किस रोग में काम आएगी तथा मेडिसिन बनाने की प्रक्रिया आदि को पढ़ाया जाता है। बी फार्मा के चार वर्षों के कोर्स में आठ सेमेस्टर होते हैं। प्रत्येक सेमेस्टर छह माह के समय अवधि का होता है। अगर आप इन सभी चीजों में अपनी रुचि रखते हैं, तो आपके लिए एक अच्छा विकल्प सिद्ध हो सकता है। इस कोर्स को करने के बाद आप किसी भी सरकारी या फिर गैर सरकारी क्षेत्रों में आसानी से नौकरी प्राप्त कर सकते हैं। यदि आपने 12वीं में जीव विज्ञान भौतिक विज्ञान रसायन विज्ञान के विषयों के साथ 50 फीसदी अंकों से उत्तीर्ण किया है, तो आप यह कोर्स करने के लिए योग्य माने जाएंगे।

एम फार्मा

यह दो वर्षों का फार्मेसी के क्षेत्र में मास्टर डिग्री कोर्स है। इस कोर्स के अंतर्गत छात्रों को चार सेमेस्टर पढ़ाए जाते हैं, प्रत्येक सेमेस्टर छह माह की अवधि का होता है। इस कोर्स के अंतर्गत अभ्यार्थी फार्मेसी के किसी भी क्षेत्र में अपने अनुसार किसी एक ब्रांच में विशेषज्ञता की डिग्री हासिल कर सकता है। एम. फार्मा. में फार्माकोग्नॉसी, फार्मासूटिकल इंजीनियरिंग, बायो केमिस्ट्री जैसे स्पेशलाइजेशन कर सकते हैं। मास्टर्स कोर्स के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा जीपीएटी होती है। रिसर्च के क्षेत्र में काम करने का लक्ष्य है, तो पीएचडी करने का विकल्प भी है।

अन्य कोर्स

फार्मा में कुछ अन्य कोर्स भी हैं, जैसे पीजी डिप्लोमा इन फार्मासूटिकल एवं हैल्थकेयर मार्केटिंग, डिप्लोमा इन फार्मा मार्केटिंग, एडवांस डिप्लोमा इन फार्मा मार्केटिंग एवं पीजी डिप्लोमा इन फार्मा मार्केटिंग जैसे कोर्स भी हैं, जिनकी अवधि छह माह से एक वर्ष के बीच है। इनमें प्रवेश के लिए योग्यता बीएससी, बी.फार्मा अथवा डी.फार्मा. (कोर्स के अनुसार) है।

यहां बना सकते हैं करियर

रिसर्च और डिवेलपमेंट : यहां नई-नई दवाइयों की खोज और विकास संबंधी कार्य किया जा सकता है। रिसर्च और डिवेलपमेंट (आर एंड डी) क्षेत्र को जेनेरिक उत्पादों के विकास, शोध व विश्लेषण, एक्टिव फार्मासूटिकल इन्ग्रेडिएंट्स या बल्क ड्रग आर एंड डी जैसी श्रेणियों में बांटा जा सकता है। इन सबका अपना सुपर-स्पेशलाइजेशन है।

ड्रग मैन्युफैक्चरिंग : यह अहम शाखा है। इस क्षेत्र में मॉलिक्युलर बायोलॉजिस्ट, फार्माकोलॉजिस्ट, टॉक्सिकोलॉजिस्ट या मेडिकल इन्वेस्टिगेटर बन सकते हैं।

फार्मासिस्ट : हॉस्पिटल फार्मासिस्ट पर दवाइयों और चिकित्सा संबंधी अन्य सहायक सामग्रियों के भंडारण, स्टॉकिंग और वितरण की जिम्मेदारी होती है, जबकि रिटेल सेक्टर में फार्मासिस्ट को एक बिजनेस मैनेजर की तरह काम करते हुए दवा संबंधी कारोबार चलाने में समर्थ होना चाहिए।

क्लीनिकल रिसर्च : इसमें नई लांच मेडिसिन के बारे में रिसर्च होती है कि वह कितनी सुरक्षित और असरदार है। इसके लिए क्लीनिकल ट्रॉयल होता है। देश में कई विदेशी कंपनियां क्लीनिकल रिसर्च के लिए आ रही हैं। दवाइयों के स्क्रीनिंग सम्बंधी काम में नई दवाओं या फॉर्मुलेशन का पशु मॉडलों पर परीक्षण करना या क्लीनिकल रिसर्च करना शामिल है।

क्वॉलिटी कंट्रोल : फार्मासूटिकल इंडस्ट्री का यह एक महत्त्वपूर्ण कार्य है। नई दवाओं के संबंध में अनुसंधान व विकास के अलावा यह सुनिश्चित करने की भी जरूरत होती है कि इन दवाइयों के जो नतीजे बताए जा रहे हैं, वे सुरक्षित, स्थायी और आशा के अनुरूप हैं।

ब्रांडिंग और सेल्स : फार्मेसी की डिग्री के बाद आप ड्रग्स व मेडिसिन के सेल्स और मार्केटिंग में करियर बना सकते हैं। मार्केटिंग प्रोफेशनल उत्पाद की बिक्री के अलावा बाजार की प्रतिस्पर्धा पर भी नजर रखते हैं कि किस प्रोडक्ट के लिए बाजार में ज्यादा संभावनाएं हैं, जिसके मुताबिक प्लानिंग की जाती है।

मेडिकल इन्वेस्टिगेटर : यह नई दवाइयों के टेस्टिंग व डिवेलपमेंट की प्रक्रिया से संबंधित है। हॉस्पिटल फार्मासिस्ट पर मेडिसिन और अन्य मेडिकल संबंधी सामग्रियों के स्टॉकिंग और डिस्ट्रिब्यूशन का जिम्मा होता है। रिटेल सेक्टर में फार्मासिस्ट को बिजनेस मैनेजर की तरह काम करते हुए दवा संबंधी कारोबार करना होता है।

रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट : विदेशों में फार्मासिस्ट को रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट कहा जाता है। फार्मेसी में प्रैक्टिस करने के लिए लाइसेंस होना चाहिए। उन्हें रजिस्ट्रेशन के लिए एक टेस्ट पास करना होता है।

सैलरी

एक सफल फार्मासिस्ट बनने के बाद उम्मीदवार को निजी और सरकारी अस्पतालों, दवाइयों की दुकानों, क्लीनिक और नर्सिंग होम जैसे क्षेत्रों में अच्छा वेतन मिलता है। आमतौर पर ट्रेनिंग के तुरंत बाद नियुक्ति में फार्मासिस्ट को लगभग 25 हजार रुपए

महीने मिलते हैं। शोध के क्षेत्र में 40 हजार रुपए तक सैलरी मिल सकती है। उत्पादन इकाइयों में अच्छा पैकेज मिलता है और स्वतंत्र रूप से भी काम कर सकते हैं। करियर के लिहाज से फार्मेसी के क्षेत्र में आपको आगे चलकर बहुत ढेरों करियर विकल्प मौजूद होने वाले हैं।