IND vs NZ 2nd ODI: गुरनूर बराड़ का चौका, भारत ने न्यूजीलैंड को 134 रनों पर समेटा

वेलिंग्टन। गुरनूर बराड़ (चार विकेट), अंशुल कंबोज, आकिब नबी और अक्षर पटेल (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने वर्षा प्रभावित दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 41 ओवरों में 134 रन के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को आकिब नीब ने शुरुआती झटके दिये। उन्होंने पहले ही ओवर में टिम साइफर्ट (शून्य) और फिर पांचवें ओवर में विल यंग (छह) को आउट किया। हेनरी निकल्स (11) को अंशुल कम्बोज ने बोल्ड आउट किया। 20वें ओवर में बराड़ ने टॉम लेथम (सात) और ग्लेन फिलिप्स (शून्य) का शिकार कर लिया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिशेल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट लिए 59 रनों की साझेदारी हुई। 35वें ओवर में अक्षर पटेल ने डैरिल मिशेल (55) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। अगले ही ओवर में बराड़ ने सैंटनर (31) का शिकार कर लिया। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे डैरिल मिशेल और सैंटनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। डैरिल मिशेल ने अपनी 55 रनों की संघर्षपूर्ण पारी में 104 गेंदों का सामना किया और चार चौके तथा दो छक्के उड़ाये। सैंटनर ने 38 गेंदों दो छक्के और एक चौका लगाते हुए 31 रन बनाये।

39वें ओवर में अक्षर ने काइल जेमीसन (सात) को बोल्ड कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। नेथन स्मिथ (तीन) का बराड़ ने शिकार किया। 41वें ओवर की आखिरी गेंद पर कंबोज ने ब्लेयर टिकनर (दो) को बोल्ड कर 134 रनों पर न्यूजीलैंड की पारी का अंत कर दिया।