कप्तान शुभमन गिल बोले; बुमराह एक साल बाद लौटेंगे, पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं
एजेंसियां— वेलिंगटन
न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम वेलिंगटन टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गिल ने ऋषभ पंत के खेलने की भी पुष्टि की। उन्होंने कहा, टीम मैनेजमेंट के सामने पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। इस मुकाबले से जसप्रीत बुमराह करीब एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे। बुमराह ने पिछला टेस्ट 22 नवंबर, 2025 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था। गिल ने बताया कि टीम सात बल्लेबाजों के साथ उतरेगी। नंबर आठ और नौ पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप बल्लेबाजी में योगदान दे सकते हैं। नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी का विकल्प हैं। गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने वनडे में अच्छा प्रदर्शन किया है।
ऐसे में प्लेइंग-11 के लिए चार गेंदबाजों का चयन करना आसान नहीं होगा। टीम अभी अंतिम कॉम्बिनेशन तय कर रही है। बुमराह की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी। टीम मैनेजमेंट ने कुछ दिन पहले स्पिनर कुलदीप यादव को टेस्ट स्क्वॉड से रिलीज कर तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को शामिल किया था। हालांकि, प्लेइंग-11 स्पिनर के रूप में रविंद्र जडेजा या वॉशिंगटन में से किसे मौका मिलेगा, इस पर कप्तान ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
ऋषभ पंत अनुभवी विकेटकीपर
गिल ने ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस पर उठ रहे सवालों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंत टीम के अनुभवी खिलाडिय़ों में से एक हैं। वे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रन बना चुके हैं। ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट खेले हैं और दुनिया भर में रन बनाए हैं।