दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को ‘मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम’ को संबोधित करते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने संकेत दिए कि भारत और मिस्र एक संभावित व्यापार समझौते (ट्रेड पैक्ट) की दिशा में काम कर रहे हैं, जो दोनों देशों के स्टार्टअप्स के लिए एक नई दुनिया खोल सकता है। इस प्रस्तावित समझौते का लक्ष्य स्टार्टअप्स को एक-दूसरे के देशों में सरकारी खरीद और अन्य व्यापारिक अवसरों तक पहुंच प्रदान करना है। दोनों देशों ने इस वार्ता को औपचारिक रूप देने के लिए एक ‘संयुक्त कार्य समूह’ बनाने का भी निर्णय लिया है, जो स्टार्टअप्स के लिए एक ‘सहज माहौल’ तैयार करेगा। मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने हमेशा से अपने घरेलू स्टार्टअप्स को ग्राहकों से सीधे जुडऩे और अपने उत्पादों को साबित करने का अवसर दिया है। अब यही मॉडल भारत और मिस्र के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (पीटीए या एफटीए) में भी लागू करने की योजना है।
इससे दोनों देशों के स्टार्टअप्स एक-दूसरे के बाजारों में आसानी से प्रवेश कर सकेंगे। इस समझौते के तहत स्टार्टअप्स को सरकारी खरीद प्रक्रियाओं में भाग लेने का मौका मिल सकता है। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ऐसे अवसर पैदा करना चाहता है जहां भारतीय कंपनियां मिस्र के स्टार्टअप्स के आइडिया देख सकें और मिस्र की कंपनियां भारतीय स्टार्टअप्स के साथ कोलैबोरेट कर सकें।