नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने फॉर्म में गलतियां सुधारने के लिए कल तक का दिया मौका
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन्स 2027 सेशन-1 के आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो खोल दी है। जिन उम्मीदवारों ने जेईई मेन्स परीक्षा के लिए आवेदन किया है और फॉर्म भरते समय कोई गलती हो गई है, वे अब उसमें सुधार कर सकते हैं। करेक्शन की यह सुविधा शुक्रवार से शुरू हो गई है और रविवार 2026 रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवार एनटीए की वेबसाइट पर जाकर अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, एजुकेशन रिकॉर्ड और परीक्षा से जुड़ी कुछ प्राथमिकताओं में बदलाव करने का मौका मिलेगा। हालांकि, सभी जानकारियों को एडिट करने की अनुमति नहीं होगी। इसलिए करेक्शन करने से पहले एनटीए के नियमों को समझना जरूरी है।
इन जानकारियों में कर सकेंगे सुधार
जेईई मेन्स 2027 की करेक्शन विंडो के दौरान अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में दर्ज कुछ व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारियों को ठीक करने का मौका मिलेगा। उम्मीदवार अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि और जेंडर में सुधार कर सकेंगे। कैटेगरी और पीडब्ल्यूडी स्टेटस में बदलाव किया जा सकेगा। कक्षा 10वीं और 12वीं पास करने का साल, बोर्ड का नाम, प्राप्त अंक और रोल नंबर में सुधार कर सकेंगे। स्टेट कोड ऑफ एलिजिबिलिटी, परीक्षा के पेपर, पसंदीदा परीक्षा शहर, प्रश्नपत्र की भाषा और स्कैन किए गए हस्ताक्षर में भी बदलाव कर सकेंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म में ऐसे करें सुधार
सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://jeemain. nta.nic.in/ पर जाएं। होमपेज पर एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें। अब जेईई मेन्स करेक्शन इन एप्लीकेशन फॉर्म 2027 लिंक पर क्लिक करें। आवेदन फॉर्म में पहले से भरी गई जानकारियों को चैक करें और जिनमें बदलाव की अनुमति है, उनमें सुधार करें। अगर संशोधित जानकारी के लिए अतिरिक्त फीस लागू होती है, तो उसका भुगतान करें। सभी जानकारियां जांचने के बाद करेक्टेड एप्लीकेशन फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में अपडेटेड कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।