नरेन कुमार—धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के साथ एयरोसिटी विकसित की जाएगी। इससे पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सरकार का लक्ष्य अगले पांच से दस वर्षों में इन योजनाओं को धरातल पर उतारना है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को धर्मशाला मैराथन-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मैराथन की टी-शर्ट, मेडल और एंथम का विमोचन भी किया। नगर निगम धर्मशाला की ओर से कांगड़ा कार्निवल के तहत 27 दिसंबर को इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से करीब 1500 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए करीब 2600 करोड़ रुपए की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी कर मुआवजा वितरित किया जा चुका है। इस मामले में उच्च न्यायालय ने भी याचिका खारिज कर दी है। एयरपोर्ट विस्तार के साथ एयरोसिटी विकसित होने से पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में शिमला विंटर कार्निवल और कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए सरकार हेलिपोर्ट विकसित कर रही है। पालमपुर में हेलिपोर्ट का निर्माण अंतिम चरण में है, जहां से चंडीगढ़ और शिमला के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना है। इसके अलावा चंबा और धर्मशाला के रक्कड़ में भी हेलिपोर्ट बनाए जा रहे हैं। भविष्य में जिला मुख्यालयों को हेलिपोर्ट से जोडक़र हेली टैक्सी सेवा शुरू करने का लक्ष्य है। धर्मशाला की सडक़ों की खराब हालत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सडक़ों की स्थिति ठीक है, हालांकि कुछ संपर्क मार्गों में दिक्कत हो सकती है।
मकलोडगंज मार्ग की समस्या तकनीकी है और इसका समाधान होते ही सडक़ को दुरुस्त किया जाएगा। इसके लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्थानीय विधायक पर इस मुद्दे को विधानसभा में प्रभावी ढंग से नहीं उठाने को लेकर निशाना भी साधा। विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी और विपक्ष के बीच हुई बहस पर मुख्यमंत्री ने नेगी का समर्थन करते हुए कहा कि वह सच्चाई के साथ अपनी बात रखते हैं और अकेले ही विपक्ष पर भारी पड़ते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेगी की सेना के प्रति कोई हीन भावना नहीं है और भाजपा इस मामले को बेवजह तूल दे रही है। विपक्ष की ओर से लगातार लाए जा रहे काम रोको प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल आरोप लगा रही है, लेकिन उनके समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर रही। सरकार विधानसभा में तथ्यों और दस्तावेजों के साथ जवाब देगी तथा बताएगी कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की संपत्तियों को किस तरह बेचा गया और वर्तमान सरकार ने उन्हें बचाने के लिए क्या कदम उठाए हैं।