कानून व्यवस्था-भ्रष्टाचार होंगे भाजपा के हथियार, भाजपा विधायक दल ने सरकार को घेरने का बनाया प्लान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पूर्व सोमवार को पहले दिन होटल डी पोलो में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की महत्त्वपूर्ण बैठक नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा के सभी विधायकों ने भाग लिया। बैठक में 16 से 21 नवंबर तक चलने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विपक्ष की प्रभावी भूमिका और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को सदन में उठाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक के उपरांत भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और आर्थिक कुप्रबंधन को पूरी मजबूती से उठाएगी। रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार के आरोप, फिजूलखर्ची और जनता पर डाले जा रहे आर्थिक बोझ को लेकर कांग्रेस सरकार की जवाबदेही तय की जाएगी।