लिटन दास ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, एक पारी में आठ शिकार कर तोड़ा सालों पुराना रिकॉर्ड

जोहानसबर्ग। बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज़ लिटन दास ने टेस्ट पारी में सर्वाधिक आठ शिकार करने का एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस समय जारी जोहान्सबर्ग टेस्ट में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ कगिसो रबाडा को जब उन्होंने स्टंप किया तब ऐसा करते हुए उन्होंने एक ऐसे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया जो अब तक पांच विकेटकीपरों के नाम था। इससे पहले यह रिकॉर्ड वसीम बारी, बॉब टेलर, इयान स्मिथ, रिडली जेकब्स और जोशुडा डा सिल्वा के नाम था। डा सिल्वा ने 2023 में यह कारनामा किया था।

बांग्लादेश की पहली पारी में शतक लगाने और आठ शिकार करने के साथ ही लिटन ने एक ऐसे क्लब में अपना नाम दर्ज कराया जो कि पूरी तरह से उनका अपना है। इससे पहले डेनिड लिंडसे (1966) और एबी डी विलियर्स (2013) ने शतक लगाया था और एक पारी में छह शिकार किए थे, इत्तेफ़ाक़ से यह दोनों उपलब्धियां भी जोहान्सबर्ग में ही हासिल की गई थीं। तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक लिटन ने छह कैच लिए थे। उन्होंने एडन मारक्रम, ज़ुबैर हमज़ा, माइकल ब्रीत्ज़के, वियान मुल्डर, मार्को यानसन और साइमन हार्मर के कैच लपके थे। इसके बाद चौथे दिन उन्होंने रायन रिकल्टन और रबाडा को स्टंप किया।

इससे पहले उन्होंने 14 चौके और एक छक्के की मदद से 179 गेंदों पर 120 रनों की पारी खेली जिसमें तौहीद हृदोय के साथ छठे विकेट के लिए 206 रनों की साझेदारी शामिल थी। इसकी मदद से बांग्लादेश ने साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 400 रनों का अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। पिछले महीने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ पूरे टेस्ट मैच में लिटन ने नौ शिकार किए थे और शतक के साथ-साथ अर्धशतक भी जड़ा था। किसी टेस्ट में यह कारनामा करने वाले वह पहले विकेटकीपर भी बने थे। इस प्रदर्शन के लिए लिटन को प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया था।


लिटन बांग्लादेश के वनडे और टी20 कप्तान भी हैं, और वह अब टेस्ट में बांग्लादेश की ओर से सबसे ज़्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर होने के मामले में काफ़ी आगे हैं। लिटन ने टेस्ट में 154 शिकार कर लिए हैं और वह मुश्फ़िक़ुर रहीम द्वारा किए गए 113 शिकार से काफ़ी आगे हैं।